संवाददाता- लोकेश तिवारी
भीलवाड़ा 18 अगस्त। महेश प्रगति संस्थान द्वारा संचालित एम.पी.एस. पब्लिक स्कूल, छापरी में जन्माष्टमी पर्व बड़े धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के मुख्य संरक्षक ट्रस्टी लादूराम बांगड़, श्रीगोपाल राठी, अध्यक्ष के.जी. तोषनीवाल, मंत्री सुशील मरोटिया, कोषाध्यक्ष कँवर लाल पोरवाल ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
कार्यक्रम की थीम “गोपाला टू गोविंदा” रखी गई, इसी थीम पर पूरे विद्यालय में कृष्णा जन्म से लेकर महाभारत के गीता सार तक के दृश्यों को झांकियों के माध्यम से दिखाकर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का विस्तारपूर्वक मंचन किया गया। झांकियों में कृष्णा जन्म, ब्रम्हाण्ड दर्शन, माखन चोरी, कृष्णा सुदामा मिलन, मधुवन रासलीला, द्रौपदी चीरहरण, गीता सार आदि दर्शनीय झांकियां बनाई गई। कालिया नाग मर्दन तथा कुरुक्षेत्र युद्ध झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। विद्यालय के सीनियर कक्षा के बच्चों ने मटकी फोड़ का भी मंचन भी किया। भगवान श्रीकृष्ण को 56 भोग भी लगाया गया। नन्हें मुन्ने बच्चे राधा-कृष्ण की भूमिका में नजर आए। राधा-कृष्ण के अलावा वासुदेव, देवकी, ग्वाले, गोपिया, कंस, सुदामा, द्रौपदी, दुर्योधन, भीष्म पितामह आदि की वेशभूषा में आए बच्चों ने सभी का मनमोह लिया। स्कूली बच्चों ने रंग बिरंगी ड्रेस में सजकर श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का मंचन भी किया। स्कूल के जूनियर बच्चों ने जन्माष्टमी महोत्सव में भाग लिया। छोटे बच्चों को शोर्ट फिल्म के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण तथा जन्माष्टमी पर्व के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी। संस्थान के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राधाकिशन सोमानी, उपाध्यक्ष भैरुलाल काबरा, चाँदमल सोमानी, सह मंत्री अरविन्द चेचाणी, सत्यनारायण मंत्री, सदस्य गणेश काबरा व रामगोपाल राठी तथा ट्रस्टी फतह लाल जैथलिया भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। विद्यालय की प्राचार्या रेखा लोहिया ने सभी को जन्माष्टमी पर्व की बधाई देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से बहुत कुछ सीखने को मिलता है। इस कार्यक्रम का उद्धेश्य बच्चों को भारतीय पौराणिक संस्कृति से जोड़ना है। संस्थान के मंत्री सुशील मरोटिया ने सभी को जन्माष्टमी पर्व की बधाई दी और बताया की जन्माष्टमी के अवसर पर महेश प्रगति संस्थान द्वारा भीलवाड़ा शहर की विभिन्न गौशालाओं में गौवंशो को दलिया व चारा खिलाया जाएगा।